सौसर से राजेश माथनकर
बजाज–राजना मार्ग की जर्जर स्थिति और लंबे समय से लंबित मरम्मत कार्य को लेकर आज मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव श्री सोपान कोहले के नेतृत्व में युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय, सौसर में धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान सोपान कोहले ने कहा कि बजाज–राजना सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे प्रतिदिन राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान लोक निर्माण विभाग के एसडीओ श्री सुधांशु चौरसिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा कर 7 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। विभाग के इस आश्वासन के बाद युवा कांग्रेस ने जनहित को ध्यान में रखते हुए अपना धरना समाप्त कर दिया।
इस अवसर पर सोपान कोहले ने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा के भीतर सड़क मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो युवा कांग्रेस लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने और अधिक उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में विजय घाटोडे, दीपक इगोले, निवृत्ति कोहले, पवन उपासे, रत्नाकर ठाकरे, निखिल राय, मनीष सोमकुवर, चरण धुर्वे, योगेश बनाईत, प्रकाश मांगे, इमरान शेख, रामजी बनके, नरेंद्र घाटोडे, किशोर सातपुते, प्रहलाद गोहिते, कोमल भालेराव, मयूर फोले, प्रदीप चौरे, आदित्य फोले, सुभाष धारपुरे, गुणवत मेश्राम, आकाश उइके, मोरेश्वर सितकार, प्रवीण ठाकरे, अतुल कोघे, भादुलाल कुमरे, विशाल उइके, राजेश सोमकुवर, निलेश पाटनकर सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




