गिरीश आंदे (कळमेश्वर तालुका प्रतिनिधी)
दैनिक मिराज भारत अखबार के सफलतापूर्वक 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दैनिक मिराज भारत परिवार के सभी पत्रकार साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी पत्रकारों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए अखबार की अब तक की यात्रा, संघर्ष और उपलब्धियों को साझा किया।
कार्यक्रम में प्रधान संपादक अनीस उद्दीन मेव, संपादक गयाप्रसाद सोनी, महाराष्ट्र संपादक दिलीप घोरमारे एवं मध्य प्रदेश सह संपादक नेहा वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा सभी पत्रकार साथियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, निष्ठा और समर्पण के लिए सम्मान पत्र एवं स्मृति शिल्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि दैनिक मिराज भारत ने बीते 5 वर्षों में निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी एक अलग पहचान बनाई है। सीमित संसाधनों के बावजूद अखबार ने सच्ची खबरों और समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जो इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम के अंत में “5 वर्ष बेमिसाल” की थीम पर केक काटकर सेलिब्रेशन किया गया। सभी पत्रकारों ने एक-दूसरे को बधाई दी और आने वाले समय में अखबार को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




