सौसर से राजेश माथनकर
गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सौसर के तत्वावधान में सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता पदाधिकारियों द्वारा तहसील कार्यालय सौसर के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सौसर को महामहिम राज्यपाल के नाम 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर तत्काल निराकरण की मांग की।
धरना प्रदर्शन के दौरान प्रमुख वक्ताओं द्वारा अपने विचार व्यक्त किए गए एवं प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक विजय चौरे ने कहा कि प्रदेश की सरकार किसानों को प्रताड़ित कर रही है कांग्रेस पार्टी ने जब भी लड़ाई लड़ी तब शासन—प्रशासन को झुकना पड़ा। इसके पूर्व में भी जब कांग्रेस पार्टी ने किसानों के फसलों के भाव बढ़ाने के लिए आंदोलन किया तब भी कपास के भाव में बढ़ोतरी हुई थी कांग्रेस पार्टी किसानों मजदूरों की समस्याओं के लिए सदैव लड़ती रहेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सौसर अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र येमदे ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के तत्वावधान में समय-समय पर क्षेत्र के किसानों,श्रमिको और आम नागरिकों के प्रमुख समस्यायों के निराकरण एवं क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों पर शासन—प्रशासन को कई बार ज्ञापन प्रस्तुत किए गए परंतु उनका जमीनी स्तर पर कोई भी उचित समाधान नहीं हुआ जिसके उपरांत आज दिनांक 23 अप्रैल 2026 दिन गुरुवार को तहसील कार्यालय सौसर के समक्ष एक दिवसीय धरना आंदोलन किया गया है।
ज्ञापन में किसानों की उपज जिसमें गेहूं,चना,मक्का मूंग एवं अन्य फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के आधार पर तत्काल खरीदी सुनिश्चित करने सेवा सहकारी समिति के ऋण वितरण में किसानों पर जबरन थोपी गई दस्तावेजों की अनिवार्यता को समाप्त किए जानें तथा किसानों के ऋण स्वीकृत राशि में से 10 % राशि शेयर के नाम पर काटने की व्यवस्था को तत्काल बंद करने एवं सेवा सहकारी समितियों में रासायनिक खाद का पर्याप्त स्टॉक तत्काल सुनिश्चित करने तथा लागू की गई ई—टोकन व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मांग की गई है। साथ ही अघोषित बिजली कटौती बंद कर दिन में किसानों को कम से कम 10 घंटे निर्बाध बिजली प्रदान करने की भी मांग रखी गई।
इसके अलावा सौसर नगर स्थित सांदीपनि विद्यालय में बच्चों के सीटों की संख्या बढ़ाने और सौसर क्षेत्र में एचपी गैस नया कार्यालय एवं वितरण केंद्र प्रारंभ करने की भी मांग रखी गई।
कांग्रेस ने औद्योगिक क्षेत्र खैरी तायगांव—बोरगांव स्थित कंपनियों द्वारा निरंतर छोड़े जा रहे दूषित और केमिकल युक्त जहरीले पानी को तत्काल बंद करने एवं शासन—प्रशासन द्वारा इन ग्रामों में स्वास्थ्य शिविर के आयोजन प्रारंभ करने की भी मांग रखी है।
औधोगिक कंपनियों में श्रमिकों से निर्धारित 8 घंटे कार्य लिए जाने एवं जिला कलेक्टर द्वारा निर्धारित मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी गई हैं।
जनपद पंचायत सौसर में व्याप्त अनियमितताओं की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच के संबंध में और सौसर क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध धंधों जैसे जुआ,सट्टा एवं अवैध शराब बिक्री और खुलेआम क्षेत्र में हो रही चोरियों पर पुलिस प्रशासन तत्काल रोक लगाए एवं संलिप्त दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है।
इन मांगों का निराकरण न होने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सौसर एवं कांग्रेस के अनुसांगिक संगठनो द्वारा चक्का जाम कर उग्र आंदोलन की सख्त चेतावनी दी गई है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी पांढुर्णा अध्यक्ष पूर्व विधायक जतन उइके,सौसर विधायक विजय चौरे,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.राजेंद्र येमदे,विलास जोगी,चन्द्रशेखर गुर्वे,सुनील भांगे,डॉ.राजेश सोमकुवर,देवेंद्र केदार,विट्ठल गायकवाड,राजीव चौधरी,विनायक मर्सकोल्हे, सतीश बोढ़खे,अमरीश जैसवाल,कैलाश चौधरी,विनायक बल्कि, ज्ञानेश्वर गावंडे,राजा बोड़े,राहुल भक्ते,नीलिमा पाटिल,विमल चौधरी,एड. रामशिला सूर्यवंशी,सुमित्रा गोहटे एवं समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित रहे।




